नवम्बर 16, 2026 10:36 पूर्वाह्न

printer

आसियान देशों के साथ भारत के संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हैं: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध, भारत की एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में हैं और हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के बीच समुद्री सुरक्षा और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने वाली पहल महासागर दृष्टिकोण में भी इनका महत्वपूर्ण स्थान है। फिलीपीन्‍स रवाना होने से पहले अपने वक्तव्य में श्री मोदी ने कहा कि आसियान के साथ भारत के संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हैं और अब व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी तथा जन-संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में एक गतिशील साझेदारी का रूप ले चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वे व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए अन्य देशों के नेताओं के साथ मिलकर काम करने के उत्‍सुक हैं। उन्होंने कहा कि वे विकास, संपर्क और समृद्धि की साझा आकांक्षाओं को नई गति देने के लिए भी इच्‍छुक हैं।

श्री मोदी ने कहा कि पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि वे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के मुद्दे पर भाग लेने वाले नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने के इच्छुक हैं।

प्रधानमंत्री ने फिलीपींस में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की उत्सुकता भी व्यक्त की। श्री मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी को नई ऊर्जा देगी और शांतिपूर्ण, समृद्ध तथा सुदृढ़ हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।