उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में भारत के उच्च शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों के नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कटक में आज एक कार्यक्रम उन्होंने कहा कि देश में विश्वविद्यालयों की संख्या 2014-15 में 760 से बढ़कर वर्तमान में एक हजार चार सौ से अधिक हो गई है। आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23, आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 और एम्स की संख्या सात से बढ़कर 20 हो गई है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि उच्च शिक्षा में नामांकन भी तीन करोड़ 42 लाख से बढ़कर साढे चार करोड़ से अधिक हो गया है। उन्होंने विश्वविद्यालयों से आदिवासी बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने और बीच में ही पढ़ाई छोड़ने वाले विद्यार्थियों के लिए स्कूल-कनेक्ट कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और ‘नशे को ना’ के संदेश को अपनाने का आग्रह किया।
उपराष्ट्रपति ने आज भुबनेश्वर में 17वीं ओडिशा विधानसभा के सदस्यों के लिए एक अभिविन्यास कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विधायकों को संबोधित करते हुए श्री राधाकृष्णन ने विधायी प्रक्रिया में सार्थक बहस, रचनात्मक चर्चा और भागीदारी के महत्व पर जोर दिया।