भारत समर्थित मॉडल ग्राम आवास परियोजना के अंतर्गत श्रीलंका के गाले जिले में 24 घरों के हस्तांतरण के साथ, श्रीलंका के साथ भारत की विकास साझेदारी ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा और श्रीलंका के आवास मंत्री डॉ. एच. एम. सुशील रणसिंघे ने संयुक्त रूप से दिदुला मॉडल ग्राम का उद्घाटन और हस्तांतरण किया।
भारत सरकार की अनुदान सहायता से कार्यान्वित यह परियोजना श्रीलंका के सभी 25 जिलों को कवर करती है। इसका उद्देश्य 600 निम्न-आय वाले परिवारों को आवास प्रदान करना है, जिसमें प्रत्येक मॉडल ग्राम में प्रति जिले 24 घर शामिल हैं। इस हस्तांतरण के साथ, अब तक 22 जिलों में मॉडल गांवों का उद्घाटन हो चुका है। परियोजना की समग्र प्रगति लगभग 98 दशमलव छह प्रतिशत है और शेष तीन मॉडल गांवों को भी शीघ्र ही सौंपे जाने की उम्मीद है।
यह पहल श्रीलंका के साथ विकास सहयोग के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।