आसियान में भारत के राजदूत श्रीनिवास गोत्रु ने कहा है कि हमारी एक्ट ईस्ट नीति के अंतर्गत आसियान देशों के साथ सम्बंधों में प्रगाढता आई है। उन्होंने बताया कि व्यापार, निवेश और रक्षा के क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में श्री गोत्रु ने कहा कि वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन भारत के कूटनीतिक कार्यक्रमों का एक महत्वपूर्ण आयोजन है। इसमें दोनों पक्षों के नेता आपसी सम्बंधों की समीक्षा के साथ-साथ सहयोग की नई दिशा तय करते हैं।
उन्होंने कहा कि फिलीपींस सहित आसियान के अन्य देशों के साथ भी भारत के सम्बंध मजबूत हुए हैं। फिलीपींस इस क्षेत्र में भारत के सबसे महत्वपूर्ण साझेदारों में से एक है।
आर्थिक सम्बंधों का उल्लेख करते हुए श्री गोत्रु ने बताया कि आसियान देशों का भारत में निवेश लगभग दो सौ अरब डॉलर तक पहुंच गया है। आसियान क्षेत्र में भारत का निवेश करीब एक सौ अरब डॉलर है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों में भारत-आसियान व्यापार लगभग 25 गुना बढ़कर पांच अरब डॉलर से लगभग 120 अरब डॉलर हो गया है।