अक्टूबर 24, 2026 7:22 अपराह्न

printer

वैश्विक चुनौतियों के बावजूद स्थिर बनी हुई है भारतीय अर्थव्यवस्था- आरबीआई

भारतीय रिज़र्व बैंक-आरबीआई ने कहा है कि मजबूत आर्थिक आधार और लक्षित नीतिगत हस्तक्षेपों के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था वैश्विक चुनौतियों के बावजूद स्थिर बनी हुई है। इन चुनौतियों में पश्चिम एशिया संकट के कारण बढ़ती महंगाई और लगातार जारी व्यापारिक तनाव शामिल हैं।

रिजर्व बैंक के अक्टूबर बुलेटिन में प्रकाशित अर्थव्यवस्था की स्थिति नामक लेख के अनुसार, वैश्विक अर्थव्यवस्था इस समय कई झटकों के साथ कठिन दौर से गुजर रही है। लेख में कहा गया है कि पश्चिम एशिया संकट और बार-बार होने वाले व्यापारिक तनावों के कारण महंगाई का दबाव बढ़ रहा है। इसके साथ ही, कई दशकों के उच्चतम स्तर पर पहुंचे सॉवरेन बॉन्ड यील्ड, बढ़ता सार्वजनिक कर्ज और राजकोषीय स्थिरता के कारण भी चिंताएं बढ़ गई हैं।

हालांकि, लेख में यह भी कहा गया है कि इन कठिन परिस्थितियों के बीच, भारतीय अर्थव्यवस्था अपने मजबूत आर्थिक आधार और नीतिगत हस्तक्षेपों के सहारे सुरक्षित बनी हुई है, जिससे नकारात्मक जोखिमों का असर कम हुआ है। ऊर्जा का शुद्ध आयातक होने के बावजूद, भारत की जीडीपी वृद्धि को घरेलू मांग और सेवा क्षेत्र से लगातार समर्थन मिला है।

लेख के अनुसार, इस वर्ष अगस्त में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रवाह मजबूत बना रहा, जिसमें भारी आवक और बाहर जाने वाले एफडीआई में कमी का योगदान रहा। सितंबर और 19 अक्टूबर तक भारतीय इक्विटी बाजार में मुख्य रूप से मंदी का रुख रहा।