भारत-कजाकिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास कज़िंद-2026(KAZIND) के नौवें संस्करण में भाग लेने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों का 60 सदस्यीय दल आज कजाकिस्तान के ओस्केमेन के लिए रवाना हुआ। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के निर्देशों के तहत संयुक्त आतंकवाद-विरोधी अभियानों को अंजाम देने के लिए दोनों बलों के बीच समन्वय को बढ़ाना और संयुक्त क्षमता को मजबूत करना है। मंत्रालय ने कहा कि यह अभ्यास दोनों पक्षों को एक-दूसरे के परिचालन अनुभव से लाभ उठाने के साथ-साथ पेशेवर संबंधों, आपसी विश्वास और सौहार्द को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा। भाग लेने वाले दल आतंकवादी गतिविधियों को मिलाकर जवाब देने, छापे, खोज और आतंकवादियों को नेस्तानबूद करने और विशेष हेलीकॉप्टर अभियानों आदि में एक साथ प्रशिक्षण लेंगे। भारतीय दल में मुख्य रूप से गढ़वाल राइफल्स की एक बटालियन के जवान, अन्य सशस्त्र बलों और सेवाओं के जवान और भारतीय वायु सेना के कर्मी शामिल हैं।
यह अभ्यास अगले महीने की 11 तारीख तक निर्धारित है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि इस अभ्यास से भारत और कजाकिस्तान के बीच सैन्य सहयोग और मजबूत होगा। साथ ही, यह अभ्यास क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सामूहिक सुरक्षा के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेगा।