अक्टूबर 10, 2026 9:39 अपराह्न

printer

बदलती परिस्थितियों के अनुसार अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देगा भारत

भारत ने कहा है कि अमरीका के साथ प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते को बदलती परिस्थितियों के मद्देनजर अंतिम रूप दिया जाएगा। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली में उद्योग मंडल, पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सदस्यों को संबोधन में यह बात कही। उन्‍होंने कहा कि फरवरी में घोषित इस समझौते के प्रारूप की अमरीका की शुल्क नीति में बदलावों के बाद पुन: समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत अधिक अनुकूल शुल्क शर्तों के लिए दबाव बना रहा है, ताकि अमरीकी बाजार में भारतीय उत्पाद प्रतिस्पर्धी बने रहे। 
 
श्री गोयल ने बताया कि भारत इस्राएल, चिली, खाड़ी सहयोग परिषद और यूरेशियन आर्थिक संघ सहित कई साझेदारों के साथ व्यापार समझौतों पर भी बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि कनाडा के साथ बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि दक्षिणी अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ के साथ वार्ता जल्द शुरू होने की उम्मीद है। मेक्सिको के साथ व्यापार वार्ता भी अगले सप्ताह शुरू होने वाली है।
 
श्री गोयल ने यह भी बताया कि ब्रिटेन और कनाडा के व्यापार मंत्री अगले सप्ताह भारत आएंगे। ब्रिटेन के मंत्री की यात्रा के दौरान भारत-ब्रिटेन संयुक्त आर्थिक और व्यापार समिति की बैठक होगी। यह बैठक जुलाई में द्विपक्षीय व्यापार समझौता लागू होने के बाद हो रही है। उन्‍होंने कहा कि कई देश भारत के साथ व्यापार समझौता करने के इच्छुक हैं।