नवम्बर 11, 2026 7:38 पूर्वाह्न

printer

भारत इस वर्ष एक ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य को हासिल करेगा : वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत इस वर्ष एक ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य को हासिल कर लेगा।भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो-2027 के, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में भारत लगभग 480 अरब डॉलर का निर्यात कर चुका है। यह सालाना लक्ष्य का 48 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर वर्ष की दूसरी छमाही में निर्यात में तेजी आती है।

श्री गोयल ने बताया कि इंजीनियरिंग क्षेत्र के निर्यात में लगभग 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर के निर्यात के आंकड़े इस महीने की 15 तारीख को वाणिज्य सचिव जारी करेंगे।

साथ ही उन्होंने कहा कि भारत को प्रौद्योगिकी विकास और डिजाइन के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र के रूप में उभरना चाहिए। उन्‍होंने देश में ही प्रतिभाओं के माध्यम से नए समाधान विकसित किए जाने पर बल दिया।

भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 के बारे में श्री गोयल ने कहा कि इस आयोजन में मोबिलिटी क्षेत्र से जुड़ी पूरी आपूर्ति श्रृंखला को एक ही स्थान पर लाया जाता है। इससे अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों को एक ही जगह उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों को देखने और समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन भारत की क्षमताओं को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं।

श्री गोयल ने कहा कि भारतीय बाजार का विशाल आकार वैश्विक कंपनियों के लिए देश में विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने का अच्छा अवसर प्रदान करता है।

भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 का आयोजन अगले वर्ष फरवरी में नई दिल्ली में किया जाएगा। इसमें सम्मेलन, नेतृत्व सत्र, नीतिगत चर्चाएं और नए उत्पादों की शुरुआत सहित कई कार्यक्रम होंगे। इसमें भारत और दुनिया भर के विशेषज्ञ तथा निर्णय लेने वाले प्रतिनिधि शामिल होंगे।