पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है की भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों को आम जनता के लिए सुलभ और प्रभावशाली कहानियों के रूप में प्रस्तुत करने की आवश्यकता है।
डॉ. सिंह ने कल नई दिल्ली में पृथ्वी प्रणाली विज्ञान परिषद की दूसरी आम सभा की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विज्ञान संचार को अधिक जन-केंद्रित बनाने पर बल दिया।
बैठक में गहरे समुद्र अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान डॉ. सिंह को भारत के मानवयुक्त गहरे समुद्र अभियान में हुई प्रमुख प्रगति की जानकारी दी गई। इसमें छह हजार मीटर की गहराई तक जाने में सक्षम मानवयुक्त पनडुब्बी मत्स्य-6000 का विकास भी शामिल है।
बैठक में डॉ. सिंह ने मिशन मौसम और पृथ्वी कार्यक्रम के अंतर्गत हुई वैज्ञानिक प्रगति की भी समीक्षा की। इसमें भारत पूर्वानुमान प्रणाली, मौसम की सटीक भविष्यवाणी के लिए उन्नत तकनीक और वायुमंडलीय निगरानी नेटवर्क का विकास शामिल है।