भारत और अमरीका के बीच उत्तराखंड के औली में संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘युद्ध अभ्यास 2026’ जारी है। भारतीय सेना के अनुसार, यह अभ्यास सिर्फ प्रशिक्षण तक ही सीमित नहीं है बल्कि यह दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी भाईचारे, समझ और मजबूत रिश्तों को भी बढ़ावा दे रहा है। इस अभ्यास के दौरान दोनों सेनाओं के जवान न सिर्फ युद्ध कौशल साझा कर रहे हैं बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत और हिमालय की खूबसूरती का भी अनुभव कर रहे हैं।
अमरीकी सैनिकों ने बद्रीनाथ में आयोजित सांस्कृतिक उत्सव में ‘देवभूमि’ की जीवंत परंपराओं का अनुभव किया और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखी। गोरसों बुग्याल के खूबसूरत और प्राकृतिक इलाकों में ट्रेकिंग के दौरान उन्हें हिमालय की भव्य सुंदरता और वहां के प्राकृतिक परिवेश से भी रूबरू होने का मौका मिला।
भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इससे अंतर संचालन क्षमता, तालमेल और बदलते परिवेश में चुनौतियों से मुकाबला करने की सैन्य दक्षता भी बढ़ती है।
गौरतलब है कि ‘युद्ध अभ्यास’ भारत और अमरीका के बीच होने वाला सबसे बड़ा संयुक्त सैन्य अभ्यास है, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करना और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए संयुक्त क्षमता को बढ़ाना है।