अप्रैल 22, 2026 12:44 अपराह्न

printer

भारत-ब्रिटेन रक्षा प्रमुखों की मुलाकात, रक्षा साझेदारी और रणनीति पर चर्चा

प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल अनिल चौहान ने ब्रिटेन की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान ब्रिटेन के प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष एयर चीफ मार्शल रिचर्ड नाइटन से मुलाकात की।
 
बैठक में भारत और ब्रिटेन ने वैश्विक व्यापार असंतुलन से लेकर उभरते साइबर खतरों तक की समकालीन चुनौतियों का मिलकर समाधान करने, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने और तीव्र तकनीकी परिवर्तन का लाभ उठाने के अपने साझा संकल्प की पुष्टि की।
 
जनरल चौहान ने रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज के संकाय और कमांडेंट के साथ बदलते वैश्विक सुरक्षा परिवेश, अंतर्निहित रुझानों और उनके रणनीतिक प्रभाव पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने संघर्ष की बदलती प्रकृति, भारत की रणनीतिक दुविधाओं और एक स्थिर और सुरक्षित वैश्विक व्यवस्था को आकार देने में भारत की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
 
इससे पहले, उन्होंने ब्रिटेन के रक्षा उद्योग के नेताओं से रक्षा सहयोग को गति देने पर केंद्रित बातचीत की। प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि बेहतर आर्थिक एकीकरण से रक्षा विनिर्माण, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती में सुगम सहयोग संभव होगा। उन्होंने यह भी बताया कि रक्षा औद्योगिक सहयोग से महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों के सह-डिजाइन, सह-विकास और सह-उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
 
जनरल चौहान की ब्रिटेन की तीन दिवसीय यात्रा रक्षा सहयोग को मजबूत करेगी और वैश्विक सुरक्षा और स्थिरता को लेकर दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगी। 
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला