भारत और श्रीलंका के बीच हुए समझौता ज्ञापन के अंतर्गत भारत, श्रीलंका के मत्स्य क्षेत्र में काम करने वाले अधिकारियों को 430 इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराएगा।
इस समझौते पर श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा और श्रीलंका के मत्स्य मंत्रालय के सचिव डॉ. बी. के. कोलिता कमल जिनदासा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर श्रीलंका के मत्स्य मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर भी उपस्थित थे।
समझौते के अंतर्गत भारत, श्रीलंका को 26 करोड़ 50 लाख श्रीलंकाई रुपये की अनुदान सहायता देगा। इसका उद्देश्य मत्स्य विभाग के अधिकारियों की आवाजाही और कामकाज को अधिक सुगम और प्रभावी बनाना है।
इस पहल से अधिकारियों को क्षेत्र में तेजी से सेवाएं देने और मछुआरा समुदायों के साथ बेहतर संपर्क स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही, श्रीलंका के ‘क्लीन श्रीलंका’ कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह सहायता श्रीलंका में जन-केंद्रित विकास सहयोग के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।