सितम्बर 18, 2026 12:04 अपराह्न

printer

भारत-नेपाल ने उत्पादों की बाजार तक पहुंच बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया

भारत और नेपाल ने दोनों देशों के उत्‍पादों के लिए बाजार तक पहुंच बढ़ाने संबंधी उपायों के बारे में विचार-विमर्श किया है। वाणिज्‍य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि अनधिकृत व्‍यापार को नियंत्रित करने के लिए व्‍यापार, ट्रांजिट और सहयोग पर अंतर सरकारी उप समिति की कल संपन्‍न हुई दो दिन की बैठक के दौरान विभिन्‍न मुद्दों की समीक्षा की गई। इसमें बाजार पहुंच, सीमा-शुल्‍क और व्‍यापार सुविधा, मानकों, खाद्य सुरक्षा, सीमा पर बुनियादी ढांचे, रेल, सड़क संपर्क और व्‍यापार से जुड़े अन्‍य मुद्दों पर चर्चा की गई। भारतीय शिष्‍टमंडल का नेतृत्‍व वाणिज्‍य विभाग में संयुक्‍त सचिव उज्‍जवल कुमार घोष और नेपाल के शिष्‍टमंडल का नेतृत्‍व उद्योग, वाणिज्‍य और आपूर्ति मंत्रालय में संयुक्‍त सचिव बुद्धा बहादुर गुरंग ने किया। बैठक में मौजूदा बुनियादी ढांचा के इस्‍तेमाल में सुधार और द्विपक्षीय तथा ट्रांजिट व्‍यापार को प्रभ‍ावित करने वाली संचालन संबंधी कठिनाइयों के समाधान पर चर्चा की गई।

दोनों पक्षों ने वैध व्‍यापार को आसान बनाने, मान्‍य नियमों के अनुपालन संबंधी तंत्रों को मजबूत करने तथा वरीयता प्राप्‍त व्‍यापार समझौतों के दुरूपयोग को रोकने पर विचार-विमर्श किया।