मई 21, 2026 12:48 अपराह्न

printer

भारत ने टीबी उन्मूलन के लिए दुनिया का सबसे बड़ा स्क्रीनिंग अभियान शुरू किया: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा

स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि भारत ने ‘राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम’ के अंतर्गत क्षय रोग को समाप्‍त करने के लिए विश्‍व के सबसे बड़े स्क्रीनिंग और शुरुआती पहचान कार्यक्रम की शुरुआत की है। श्री नड्डा ने जिनेवा में विश्व स्वास्थ्य सभा के 79वें सत्र के दौरान ‘फेफड़ों के स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग पर मंत्री स्तरीय दृष्टिकोण’ विषय पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर संपर्क करने, मोबाइल स्क्रीनिंग टीमों, सामुदायिक अभियानों और ज़्यादा जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर, संवेदनशील आबादी के बीच सक्रिय रूप से मरीज़ों की पहचान करने के काम का विस्तार किया गया है। उन्‍होंने बताया कि देश ने टीबी और फेफड़ों से जुड़ी अन्य बीमारियों का पता लगाने के लिए आधुनिक जांच सुविधाओं का काफी विस्तार किया है।

श्री नड्डा ने कहा कि जांच में होने वाली देरी को कम करने के लिए, विशेष रूप से दूरदराज और कम सुविधाओं वाले क्षेत्रों में, मॉलिक्यूलर टेस्टिंग प्लेटफॉर्म, डिजिटल चेस्ट एक्स-रे सेवाएं, एआई-आधारित जांच उपकरण और स्क्रीनिंग डिवाइस तैनात किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवाचार का उद्देश्य समानता सुनिश्चित करना होना चाहिए और तकनीक हर व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए।