सितम्बर 8, 2026 9:51 अपराह्न

printer

भारत अब चिप से लेकर जहाज तक, विनिर्माण के क्षेत्र में नया भविष्य तैयार कर रहा है: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि भारत अब चिप से लेकर जहाज तक, विनिर्माण के क्षेत्र में नया भविष्य तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में उच्च तकनीक वाले इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर बड़े समुद्री जहाजों तक, पूरी तरह आत्मनिर्भर आपूर्ति श्रृंखला विकसित की जा रही है। प्रधानमंत्री ने गुजरात के वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं।
 
प्रधानमंत्री ने पश्चिमी समर्पित माल गलियारे-डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तीन महत्वपूर्ण खंड भी राष्ट्र को समर्पित किए। इसके साथ ही देश में समर्पित माल गलियारा नेटवर्क तैयार होकर परिचालन में आ गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलाव का उल्लेख किया। उन्होंने दो हजार 800 किलोमीटर से अधिक लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का पूरा होना 21वीं सदी के भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि और देश की बदलती कार्य संस्कृति का प्रमाण बताया।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि मालगाड़ियों के लिए अलग रेल लाइन होने से यात्री ट्रेनों के संचालन की दक्षता में भी काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि यात्रा के समय में कमी होने से ईंधन की बचत हो रही है, पर्यावरण क्षति में कमी आई है और पूरे देश में तेज तथा स्वच्छ आपूर्ति श्रृंखला तैयार हो रही है।
श्री मोदी ने कहा कि सरकार देश के युवाओं के लिए सौर, परमाणु और पवन ऊर्जा क्षेत्रों में बड़े स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी नई तकनीक आधारित औद्योगिक गतिविधियों के लिए बड़ी मात्रा में बिजली की जरूरत होगी। इसे देखते हुए सरकार भारत के भविष्य के विकास को गति देने के लिए मजबूत और बहु-क्षेत्रीय ऊर्जा तंत्र तैयार कर रही है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है और अब देश में आधुनिक ट्रेन तथा मेट्रो कोच भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल नेटवर्क में 50 हजार से अधिक आधुनिक कोच और ढाई लाख वैगन जोड़े गए हैं।
 
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने न्यू साणंद, न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ी सेवाओं को रवाना किया। टांडा रोड और वडोदरा के बीच नई यात्री रेल सेवा को भी रवाना किया। यह सेवा अलीराजपुर के दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।
 
प्रधानमंत्री ने गुजरात और मध्य प्रदेश में संपर्क सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा यातायात भीड़ कम करने के लिए 9700 करोड़ रुपये से अधिक की तीन रेलवे विस्तार परियोजनाओं तथा करीब 1780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। उन्होंने गुजरात सरकार की 2600 करोड़ रुपये की विभिन्न नागरिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। इनमें कडाणा बांध पर 110 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्लांट और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए आवास शामिल हैं।