विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत में स्वास्थ्य सेवा पारंपरिक पद्धतियों से आगे बढ़कर वैज्ञानिक नवाचारों, रोग निवारण और अधिक सटीक उपचार पर केंद्रित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह दृष्टिकोण 2047 में भारत को विकसित बनाने के अनुरूप है। डॉ० सिंह ने नई दिल्ली में एक निजी समाचार संगठन के स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन में कहा कि भारत भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण अपना रहा है जिसमें रोगों की शीघ्र पहचान, उनसे बचाव और शुरूआती लक्षणों पर उन्नत अनुसंधान पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मधुमेह, मोटापा, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग युवाओं को तेजी से प्रभावित कर रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि खान-पान के बदलते तरीके, घटती शारीरिक गतिविधि और शहरी तथा ग्रामीण भारत में जीवन-शैली से जुड़ी समस्याओं के बढ़ने से यह चुनौती और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि भारत टीका विकास वाले एक महत्वपूर्ण देश के रूप में उभर रहा है। उन्होंने नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी गलत सूचनाओं, अप्रमाणित पोषण संबंधी सलाह और सौंदर्य प्रसाधन के रूप में दवाओं के अनधिकृत उपयोग के प्रति भी आगाह किया।