जुलाई 7, 2026 7:59 पूर्वाह्न

printer

भारत-इंडोनेशिया के संबंध सकारात्मक दिशा में अग्रसर, पीएम की यात्रा इस प्रवृत्ति को और बल देगी: इंडोनेशिया में भारत के राजदूत

इंडोनेशिया में भारत के राजदूत संदीप चक्रवर्ती ने कहा है कि प्रधानमंत्री की यात्रा से रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई समझौतों का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है। इससे भारत और इंडोनेशिया अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए तैयार हैं। एक निजी समाचार चैनल से बातचीत में श्री चक्रवर्ती ने कहा कि इस यात्रा से द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूती मिलेगी।

उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा से समुद्री और आर्थिक संबंध सुदृढ़ होंगे और उभरते क्षेत्रों में सहयोग गहरा होगा। राजदूत ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के संबंध सकारात्मक दिशा में अग्रसर हैं और प्रधानमंत्री की यात्रा इस प्रवृत्ति को और बल देगी। उन्‍होंने कहा कि दोनों देश पांच प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की पहल की घोषणा कर सकते हैं।

इनमें रक्षा और समुद्री सुरक्षा, व्यापार और निवेश, खाद्य सुरक्षा और उर्वरक सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिज,  शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं शामिल हैं। दोनों देशों के घनिष्ठ संबंधों का उल्‍लेख करते हुए श्री चक्रवर्ती ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया रणनीतिक साझेदार हैं।

दोनों देश एक-दूसरे के बहुत करीब स्थित हैं। उन्होंने कहा कि भारत के निकोबार द्वीप समूह इंडोनेशिया के आचेह प्रांत से मात्र 160 किलोमीटर दूर हैं, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में  समुद्री संबंधों के महत्व को दर्शाता है।