सितम्बर 8, 2026 9:15 अपराह्न

printer

भारत सुरक्षित 6जी वायरलेस नेटवर्क के विकास में तेजी लाने के लिए वैश्विक साझेदारी में शामिल हुआ

भारत सुरक्षित 6जी वायरलेस नेटवर्क के विकास में तेजी लाने के लिए अमरीका की अगुवाई वाली वैश्विक साझेदारी में शामिल हो गया है। अमरीका के वाणिज्य विभाग ने कल एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस पहल में ब्रिटेन, जर्मनी और जापान तथा कुछ और देश भी शामिल हैं। इसका उद्देश्य वर्ष 2030 के दशक में 5जी नेटवर्क की जगह 6जी तकनीक आने से कई वर्ष पहले ही विभिन्न देशों की 6जी रणनीतियों के बीच समन्वय स्थापित करना है।

वाणिज्य राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और अमरीका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने पिछले सप्ताह उत्तरी कैरोलिना के चैपल हिल में जी-20 नवाचार मंत्रिस्तरीय बैठक से अलग वार्ता में 6जी के भविष्य पर चर्चा की।

अमरीका ने जुलाई में ‘6जी नेतृत्व और सुरक्षा के लिए आह्वान’ पहल शुरू की थी। यूरोप, अमरीका और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के 24 अन्य देशों ने भी इसका समर्थन किया है।

यह पहल राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के दिसंबर 2025 के ज्ञापन ‘6जी की दौड़ में जीत’ के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए शुरू की गई है।  

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इससे काफी पहले 22 मार्च 2023 को भारत का 6जी विजन दस्तावेज जारी किया था। इसमें वर्ष 2030 तक 6जी तकनीक के डिजाइन, विकास और उपयोग में भारत को अग्रणी योगदानकर्ता बनाने का लक्ष्य रखा गया है।