भारत ने ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत एमटी एल गाईया पर कल हुए हमले की कड़ी निंदा की है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि अब तक चालक दल के 13 भारतीय सदस्यों को बचा लिया गया है। एक भारतीय नागरिक की तलाश जारी है।
दूतावास ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और जारी खोज तथा बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों को बचाने में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया है।
भारत ने तनाव को तत्काल कम करने और क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील दोहराई। भारत ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों, नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। दूतावास ने क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के माध्यम से निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही और वाणिज्य के प्रवाह को जल्द से जल्द बहाल करने का भी आह्वान किया।