सितम्बर 23, 2026 10:59 पूर्वाह्न

printer

भारत हेपेटाइटिस- बी और सी को सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरे के रुप में खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध

भारत ने वायरल हेपेटाइटिस से निपटने और वर्ष 2030 तक हेपेटाइटिस बी(B) और सी(C) को सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरे के रूप में खत्म करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान न्यूयॉर्क में आयोजित एक कार्यक्रम में स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि भारत रोकथाम, जांच, उपचार और देखभाल के क्षेत्र में व्यापक प्रयास कर रहा है।

सुश्री श्रीवास्‍तव ने बताया कि सरकार गर्भावस्था के दौरान जांच और हेपेटाइटिस बी के टीकाकरण से लेकर मुफ्त जांच और उपचार, सुरक्षित रक्त चढ़ाने की सेवाओं तथा नशे के लिए इंजेक्शन लेने वाले लोगों को परामर्श और पुनर्वास सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने हेपेटाइटिस के खिलाफ वैश्विक प्रयासों में सहयोग और सभी के लिए जांच तथा उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने पर बल दिया।