भारत और कनाडा के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता-सी.ई.पी.ए. के लिए पांचवें दौर की वार्ता आज कनाडा की राजधानी ओटावा में शुरू होगी। दोनों देशों का लक्ष्य वर्ष के अंत तक समझौते को अंतिम रूप देना है। पांच दिन की यह वार्ता 9 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इससे पहले चौथे दौर की वार्ता पिछले महीने 18 सितंबर को नई दिल्ली में संपन्न हुई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मार्च में नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान समझौता वार्ता वर्ष के अंत तक पूरी करने का लक्ष्य तय किया था। दोनों नेताओं ने ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की थी। दोनों नेताओं ने कहा था कि व्यापक व्यापार समझौता दोनों देशों की साझेदारी को मजबूती देगा और वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को चार लाख 65 हजार करोड़ रुपये तक बढ़ाने के साझा लक्ष्य हासिल करने में मदद करेगा।
वर्ष 2024-25 में भारत और कनाडा के बीच वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार 8 अरब 66 करोड़ डॉलर रहा। इस दौरान कनाडा को भारत का निर्यात 4 अरब 22 करोड़ डॉलर का था।