नवम्बर 21, 2026 9:30 अपराह्न

printer

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बुल्गारिया की विदेश मंत्री से वार्ता की; भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता जल्द लागू होने की उम्मीद जताई

विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर ने आज बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा चामोवा के साथ वार्ता की। डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता जल्दी ही लागू होगा जिससे संबंधों में नई गति आएगी। उन्होंने कहा कि व्यापार, तकनीक और प्रतिभा के क्षेत्र में, भारत यूरोप के साथ अपने संबंधों को और प्रगाढ़ करना चाहता है। विदेश मंत्री ने बताया कि भारत और यूरोपीय संघ ने सुरक्षा और प्रतिरक्षा समझौते पर भी दस्तखत किए हैं।
 
डॉक्टर जयशंकर ने कहा, इस वर्ष जून में बुल्गारिया की उनकी यात्रा दोनों देशों के संबंधों को सुदृढ करने में सहायक रही है। उन्होंने कहा कि बुल्गारिया के विदेशमंत्री की भारत यात्रा से दोनों देशों के संबंधों में हुई प्रगति के आकलन का अवसर मिला है। इनमें रक्षा, शिक्षा, विज्ञान, पर्यटन, अंतरिक्ष और यांत्रिक मेधा के क्षेत्र में हुई प्रगति शामिल हैं।
 
विदेशमंत्री ने काला सागर में संकट में फंसे भारतीय नाविकों की स्वदेश वापसी में सहयोग के लिए भी बुल्गारिया सरकार को धन्यवाद दिया।