अक्टूबर 1, 2026 12:31 अपराह्न

printer

भारत-ब्राजील मौजूदा वरीयतापूर्ण व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की दिशा में अग्रसर

ब्राज़ील और भारत, मर्कोसुर के साथ अपने मौजूदा प्रेफ़रेंशियल ट्रेड एग्रीमेंट-वरीयतापूर्ण व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की दिशा में अग्रसर हैं। मर्कोसुर दक्षिण अमरीकी देशों का एक व्यापारिक समूह है जिसमें ब्राज़ील और दक्षिण अमरीका की अन्य अर्थव्यवस्थाएँ शामिल हैं। ब्राज़ील के विकास, उद्योग, व्यापार और सेवा मंत्री मार्शियो एलियास रोज़ा ने कहा कि मौजूदा समझौते में केवल 450 टैरिफ लाइनें शामिल हैं और यह बहुत सीमित है।
 
मिल्वौकी में जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के दौरान भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक के बाद श्री रोज़ा ने कहा कि दोनों पक्षों ने व्यापक बातचीत की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया है। उन्होंने कहा कि इससे दोनों पक्षों को व्यापार समझौते के विस्तार के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार करने में मदद मिलेगी।
 
इन चर्चाओं में बायो-इकोनॉमी, सर्कुलर इकोनॉमी और डिजिटल इकोनॉमी के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कौशल विकास और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर भी विचार किया जा रहा है। इस कदम से भारत और मर्कोसुर के बीच व्यापारिक और आर्थिक संबंध और मज़बूत हो सकते हैं।