सितम्बर 24, 2026 8:15 अपराह्न

printer

भारत-नीदरलैंड्स ने कल्पसर परियोजना को सुगम बनाने के लिए दो समझौता ज्ञापनों पर किए हस्ताक्षर

भारत और नीदरलैंड्स ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 9वें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह 2026 के दौरान जल क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग को और अधिक मजबूत किया है। जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल तथा नीदरलैंड्स के अवसंरचना और जल प्रबंधन उप मंत्री जाप स्लोटमेकर ने इस बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जल क्षेत्र में भारत-नीदरलैंड्स सहयोग की समीक्षा की गई और गुजरात की कल्पसर परियोजना के लिए तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। इस परियोजना में साबरमती, माही, धाधर और नर्मदा सहित अन्य नदियों के जल का उपयोग एक मीठे पानी जलाशय बनाने के लिए किया जाएगा।

द्विपक्षीय सहयोग के अंतर्गत कल्पसर परियोजना को सुगम बनाने के लिए केंद्रीय जल आयोग, कल्पसर विभाग, गुजरात सरकार और डच ज्ञान संस्थानों डेल्टारेस और टीयू डेल्फ़्ट के बीच दो त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर श्री पाटिल ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन दोनों देशों को परियोजना के सफल क्रियान्वयन की दिशा में मिलकर काम करने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करेंगे।