भारत, रूस और यूरेशियन आर्थिक संघ के अन्य सदस्य देशों को निर्यात बढ़ाने के लिए यूरेशियन आर्थिक संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते-एफटीए पर बातचीत कर रहा है।
रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने आज कज़ान में समाचार एजेंसी से बातचीत में विश्वास व्यक्त किया कि भारत और रूस वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार का 100 अरब डॉलर का लक्ष्य हासिल कर लेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के पहले छह महीनों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 38 अरब डॉलर रहा।
श्री कुमार ने कहा कि भारत, विशेष रूप से कृषि और समुद्री उत्पादों के क्षेत्रों में मानकों से जुड़ी समस्याओं और गैर-शुल्क बाधाओं को दूर करने के लिए रूसी अधिकारियों के साथ काम कर रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य बाजार तक पहुंच आसान बनाना और अधिक भारतीय कंपनियों के लिए रूस के बाजार में प्रवेश के अवसर बढ़ाना है।
श्री कुमार ने ये बातें कज़ान में आयोजित दूसरे भारत-रूस व्यापार मंच के दौरान कहीं। इसका विषय ‘तातारस्तान पहल: पारस्परिक दक्षता’ था।