भारत और मेक्सिको ने वरीयता प्राप्त व्यापार समझौते के लिए संदर्भ शर्तों पर हस्ताक्षर के साथ आर्थिक साझेदारी को मज़बूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस पर हस्ताक्षर होने के साथ परस्पर लाभकारी और संतुलित समझौते के लिए वार्ता का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
इस समझौते का उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार का विस्तार करना, कारोबार के नए अवसर सृजित करना, निवेश प्रवाह को बल देना और मज़बूत आपूर्ति श्रृंखला का निर्माण करना है। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवान और मेक्सिको में विदेश व्यापार के सचिव लुइस रोसैंदो गुतरेस रोमानो ने संदर्भ शर्तों पर हस्ताक्षर किए। इस प्रारूप में वार्ता के प्रमुख क्षेत्रों का उल्लेख किया गया है। इसमें वस्तुओं के लिए बाज़ार पहुंच, व्यापार सुविधा, व्यापार से जुड़े विवादों का निपटान और तकनीकी कठिनाइयां शामिल हैं।
ये पहल, पिछले वर्ष जून में कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लोडिया सेनबाम के बीच हुई बैठक में बनी सहमति के बाद हुई है। दोनो नेताओं ने बैठक में भारत -मेक्सिका के बीच साझेदारी को और मज़़बूत करने पर सहमति व्यक्त की थी।