भारत और जापान ने आज सीमापार आतंकवाद सहित हर तरह के आतंकवाद और हिंसक चरमपंथ की स्पष्ट और कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र द्वारा सूचीबद्ध सभी आतंकी समूहों और संस्थाओं पर कार्रवाई करने का आह्वान किया।
टोक्यो में आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिनजिरो कोइज़ुमी के साथ चौथी ‘भारत-जापान 2+2 विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय बैठक’ की सह-अध्यक्षता की। इसके बाद जारी संयुक्त बयान में संयुक्त राष्ट्र द्वारा सूचीबद्ध सभी आतंकी समूहों और संस्थाओं पर ठोस कार्रवाई करने का आह्वान किया गया। इसमें आतंकियों के सुरक्षित ठिकानों को जड़ से खत्म करने, आतंकवाद के लिए फंडिंग के रास्तों और अंतरराष्ट्रीय अपराधों के साथ उनके गठजोड़ को समाप्त करने, तथा आतंकियों की सीमापार आवाजाही को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने पर जोर दिया गया।
मंत्रियों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की प्रतिबद्धता दोहराई। इसमें स्थायी और अस्थायी दोनों श्रेणियों का विस्तार शामिल है। इसका अधिकांश सदस्य देश समर्थन करते हैं, ताकि यह वर्तमान भू-राजनीतिक वास्तविकताओं को बेहतर ढंग से दिखा सके। उन्होंने संशोधित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट के लिए एक-दूसरे की उम्मीदवारी का समर्थन किया। उन्होंने 2028-29 और 2033-34 के वर्षों के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अस्थायी सीटों के लिए एक-दूसरे की उम्मीदवारी का समर्थन करने की पुष्टि की।
मंत्रियों ने ‘क्वाड’ विदेश मंत्रियों की बैठकों की शृंखला और नवंबर में आयोजित ‘क्वाड’ नेताओं के शिखर सम्मेलन का स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्रीय लचीलेपन को मजबूत करने तथा शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए आसियान सदस्य देशों के साथ सहयोग के महत्व पर बल दिया। उन्होंने भारत-जापान-फिलीपींस के बीच पहले त्रिपक्षीय ‘1.5 डायलॉग’ और भारत, जापान तथा इंडोनेशिया के बीच पहले त्रिपक्षीय नौसैनिक ‘PASSEX’ अभ्यास का भी स्वागत किया।