अक्टूबर 4, 2026 9:53 अपराह्न

printer

भारत और कनाडा व्‍यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर शुरू करेंगे पाचवे दौर की वार्ता

भारत और कनाडा कल से ओटावा में प्रस्‍तावित व्‍यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सी. ई. पी. ए.) पर बातचीत का पांचवा दौर शुरू करेंगे। दोनों देश इस व्‍यापार समझौते को इस वर्ष के आखिर तक अंतिम रूप देना चाहते हैं। दोनों देशों के मुख्‍य वार्ताकारों के नेतृत्‍व में पांच दिन की वार्ता 9 अक्‍टूबर तक चलेगी। चौथे दौर की वार्ता 18 सितंबर को नई दिल्‍ली में हुई थी।  दोनों देशों के अधिकारी अब समझौते को अंतिम रूप देने के लिए तेजी से प्रगति के इच्‍छुक हैं।

इस वर्ष मार्च में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस समझौते को इस वर्ष के आखिर तक अंतिम रूप देने का लक्ष्‍य रखा था। दोनों नेता नई दिल्‍ली में बैठक के दौरान ऊर्जा और महत्‍वपूर्ण खनिज क्षेत्रों में सहयोग प्रगाढ़ करने पर सहमत हुए थे। बैठक के बाद जारी संयुक्‍त बयान में नेताओं ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया था कि व्‍यापक व्‍यापार समझौते की रूपरेखा से दोनों देशों को टिकाऊ लाभ होगा और 2030 तक द्विपक्षीय व्‍यापार को चार लाख 65 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने की साझा आकांक्षा को समर्थन मिलेगा।

भारत और कनाडा के बीच 2024-25 में आठ अरब 66 करोड़ डॉलर का वस्‍तु व्‍यापार हुआ। भारत ने इस दौरान कनाडा में चार अरब 22 करोड़ डॉलर का निर्यात किया।