भारत और अफगानिस्तान के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग मजबूत करने के उपायों की समीक्षा के लिए भारत-अफगानिस्तान संयुक्त कार्य समूह की बैठक हुई। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार कल हुई इस वर्चुअल बैठक में व्यापार को सुगम बनाने और सीमा शुल्क सहयोग, अफगान व्यापारियों के लिए वीजा सुविधा, बैंकिंग और वित्तीय सहयोग, दवा और कृषि व्यापार, ऊर्जा सहयोग, निवेश और व्यापार को बढ़ावा देने, शुल्क में रियायत, माल ढुलाई संपर्क तथा बंदरगाह से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग मजबूत करने और आगे की कार्रवाई करने पर सहमति जताई। इसमें सीमा शुल्क और आंकड़ों के आदान-प्रदान में सहयोग बढ़ाना, दवा और कृषि क्षेत्र में नियामकीय सहयोग, व्यापार संपर्क बेहतर करना तथा निवेश और कारोबारियों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना शामिल है।
दोनों देशों ने व्यापार, वाणिज्य और निवेश संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई तथा चर्चा किए गए मुद्दों पर लगातार संपर्क बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में दोनों देशों के वाणिज्य, उद्योग, सीमा शुल्क, नियामकीय प्राधिकरणों और राजनयिक मिशनों के अधिकारियों ने भाग लिया।