अक्टूबर 19, 2026 8:48 अपराह्न

printer

शिशु देखभाल केंद्र और रक्तदान शिविर का उद्घाटन

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में शिशु देखभाल केंद्र और रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया।

डॉ. सिंह ने कहा कि प्रशासनिक सुधारों का उद्देश्य केवल प्रक्रियाओं को सरल बनाना और पारदर्शिता सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि सरकारी कर्मचारियों की व्यावहारिक जरूरतों को पूरा करना भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है, जिनसे विशेष रूप से कामकाजी अभिभावक अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें। इससे प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

महिला और बाल विकास मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्थापित यह शिशु देखभाल केंद्र दो हजार वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में फैला है। इसमें लगभग 30 से 35 बच्चों को रखने की क्षमता है। अब तक 27 बच्चों का पंजीकरण हो चुका है और शेष स्थानों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है।

मंत्री ने कहा कि विशेष स्वच्छता अभियान का छठा चरण शासन व्यवस्था के व्यापक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इसमें सरकारी कार्यालयों के स्थान का बेहतर उपयोग, कर्मचारियों का कल्याण और अधिक अनुकूल कार्य वातावरण तैयार करने पर बल दिया जा रहा है।

डॉ. सिंह ने बताया कि रक्तदान के लिए सौ से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है। यह केंद्र सरकार के कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।