अक्टूबर 24, 2026 2:12 अपराह्न

printer

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने कल पुंछ जिले के मेंढर इलाके में आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने कल पुंछ जिले के मेंढर इलाके में आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया। मौके से छह संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस-आईईडी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।

मेंढर उपमंडल के सीमावर्ती कसबलारी इलाके में राष्ट्रीय राइफल्स की मेंढर स्थित बटालियन और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर इस ठिकाने का पता लगाया। चट्टान के नीचे छिपाकर रखे गए सामान में एक काले रंग का बैग, टेप से लिपटे छह इंसुलेटेड कंटेनर, एक कॉम्बैट पाउच, एक काले लोहे का बक्सा, नीले टेप से लिपटा एक अन्य इंसुलेटेड कंटेनर, एक मैगजीन, एक एल्युमिनियम कंटेनर, दो पावर अडैप्टर, एक पावर स्रोत और एक टिफिन शामिल हैं। छह कंटेनरों में आईईडी होने का संदेह है।

सुरक्षा बल इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं। साथ ही, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।