मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के तराई क्षेत्र और सिक्किम में आज मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी तेज वर्षा होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, बिहार, तटीय कर्नाटक, केरलम, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में मूसलाधार बारिश की संभावना है। विभाग ने गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ में शुक्रवार हल्की बारिश का अनुमान लगाया है। उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कल तक कोई बदलाव नहीं होगा और अगले दो दिनों में इसमें दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, जिसके बाद कोई खास बदलाव नहीं होगा।
इस बीच, विभाग ने आज बिहार और तेलंगाना के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में बुधवार तक लू चलने की संभावना व्यक्त की है। तटीय कर्नाटक, झारखंड, कोंकण, गोवा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में आज गर्म और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है।