मौसम विभाग ने देश के पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों और पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्र में कल मूसलाधार वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल बिहार, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराइक्काल में भी तेज वर्षा की संभावना है। विभाग ने बताया है कि अगले 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।
अगले दो दिनों में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आंधी चलने की संभावना है। कल झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी इसी तरह का मौसम रह सकता है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना में लू चलने तथा पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, कोंकण, गोवा और ओडिशा में कल गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। मध्य भारत में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।