नवम्बर 21, 2026 5:48 अपराह्न

printer

मधुर भंडारकर ने कहा, 57वें इफ्फी में फिल्मों का चयन मजबूत विषय-वस्तु, मौलिक कहानी और भावनात्मक जुड़ाव के आधार पर किया गया है

भारतीय पैनोरमा फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष मधुर भंडारकर ने कहा है कि 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए फिल्मों के चयन में मजबूत विषय-वस्तु, मौलिक कहानी और भावनात्मक संबंधों को प्रमुख आधार बनाया गया है।
 
श्री भंडारकर ने गोवा में आज एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चयनित फिल्मों में व्यावसायिक सिनेमा, नवोदित फिल्मकारों की पहली फिल्में, सामाजिक विषयों और हास्य सहित विभिन्न विधाओं की फिल्में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सीमित बजट में बनी कई फिल्मों के प्रभावी विचारों और कहानी कहने के अंदाज की ओर जूरी का ध्यान आकर्षित हुआ।
 
इस वर्ष भारतीय पैनोरमा में 25 फीचर फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं। इनमें मुख्यधारा सिनेमा खंड की पांच फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा, 20 गैर-फीचर फिल्में भी दिखाई जाएंगी। मधुर भंडारकर की अध्यक्षता में 12 सदस्यीय फीचर फिल्म जूरी ने 404 प्रविष्टियों में से फिल्मों का चयन किया है।
 
जूरी सदस्यों ने कहा कि फिल्मों के चयन में मौलिकता, भाषाई विविधता और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व को महत्व दिया गया। 
 
श्री भंडारकर ने कहा कि फिल्‍मोत्‍सव जैसे आयोजनों से फिल्मकारो, अभिनेताओं और तकनीशियनों को आपस में बातचीत करने और सीखने का अवसर मिलता है।