गोवा में आज भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में बहुप्रतीक्षित भारतीय पैनोरमा का औपचारिक उद्घाटन किया गया। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री कुमार ने भारतीय सिनेमा की शुरुआत से लेकर अब तक की महत्वपूर्ण विविधता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सिनेमा का यह उत्सव देश के विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट भाषाओं, संस्कृतियों और कहानियों को पहचानने का सार्थक अवसर है।
राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष जी. कृष्णकुमार ने इस वर्ष के थीम ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ का जिक्र करते हुए सिनेमा के प्रति सूचना और प्रसारण मंत्रालय की प्रतिबद्धता दोहराई और गोवा सरकार का आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने कहा कि पिछले कई दशकों में भारतीय पैनोरमा देश की समृद्ध सांस्कृतिक और सिनेमाई विविधता को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण मंच बन गया है।
उन्होंने बताया कि अंतिम चयन में हिंदी, मराठी, कन्नड़, टूलू, लद्दाखी, कश्मीरी और अंग्रेजी सहित 14 भाषाओं की फिल्में शामिल हैं। इनमें वेब सीरीज भी शामिल हैं।
समारोह में भारतीय पैनोरमा की उद्घाटन फिल्मों का भी परिचय कराया गया।