मेक्सिको के प्रशांत तट पर कल शक्तिशाली चक्रवाती तूफान साइमन ने दस्तक दी। श्रेणी चार के इस तूफान के कारण जलिस्को राज्य के तटीय इलाकों में तेज हवाएं और तेज बारिश हो रही है। लोकप्रिय पर्यटन स्थल प्यूर्टो वालार्टा के आसपास आज भी तूफान का असर बने रहने की आशंका है।
तूफान का केंद्र कल दोपहर तक काबो कोरिएंटेस से करीब 100 किलोमीटर दूर था और लगभग 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। विशेषज्ञों ने मेक्सिको के पश्चिम-मध्य तट पर तेज हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरों से जान-माल के नुकसान की चेतावनी दी है। मूसलाधार बारिश से बाढ़ और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
तूफान के खतरे को देखते हुए जलिस्को राज्य के 22 तटीय नगर निकायों में स्कूलों को बंद रखा गया हैं। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों या आपातकालीन आश्रय स्थलों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।