सितम्बर 14, 2026 5:48 अपराह्न

printer

पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्मू-कश्मीर में लंबे चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर मानवाधिकार परिषद ने जताई चिंता

पाकिस्तान के कब्‍जे वाले जम्मू-कश्मीर की मानवाधिकार परिषद ने क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे विरोध प्रदर्शनों और अशांति पर चिंता व्यक्त की है। मानवाधिकार परिषद ने कहा कि प्रदर्शनों को अब 100 दिन पूरे हो चुके हैं, जिससे अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है और व्यापक क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। परिषद ने चेतावनी दी कि सार्थक बातचीत में किसी भी प्रकार की और देरी से जनता में असंतोष, अविश्वास और अस्थिरता और बढ़ सकती है। परिषद ने पाकिस्तानी अधिकारियों और सभी संबंधित पक्षों से तत्काल और परिणामोन्मुखी वार्ता शुरू करने, संयम बरतने और शांतिपूर्ण तथा लोकतांत्रिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया है।

बाग जिला परिषद के सदस्य जावेद आरिफ अब्बासी की गिरफ्तारी पर भी मानवाधिकार परिषद ने चिंता प्रकट की। परिषद ने कहा कि सार्वजनिक अधिकारों से संबंधित मुद्दों को शांतिपूर्ण ढंग से उठाना मौलिक लोकतांत्रिक अधिकार है। परिषद ने आरिफ अब्बासी पर किसी भी आरोप को पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से निपटाने का आह्वान किया और कहा कि यदि उनकी हिरासत के लिए कोई स्पष्ट कानूनी आधार नहीं है तो उन्हें बिना किसी देरी के रिहा किया जाना चाहिए। मानवाधिकार परिषद ने कहा कि मतभेदों को गिरफ्तारी या दबाव के बजाय संवाद और कानून के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए।