मानवाधिकार कार्यकर्ता अमजद अयूब मिर्जा ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में एक परिवार के पांच सदस्यों की कथित हत्या की निंदा की है। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने नागरिकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा के आरोपों के बीच संयुक्त राष्ट्र, भारत सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप करने की अपील की है।
स्कॉटलैंड के ग्लासगो से आज जारी एक बयान में जम्मू-कश्मीर तहरीक-ए-इत्तेफाक-ए-राय के अध्यक्ष श्री मिर्जा ने कहा कि एक ग्रेनेड हमले में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। उन्होंने इस घटना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उन्होंने जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के वरिष्ठ सदस्यों उमर नजीर कश्मीरी, मुज्तबा फारूकी और इम्तियाज असलम के आरोपों का भी उल्लेख किया। इन सदस्यों ने दावा किया है कि पांच जून से अब तक पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में 100 से अधिक युवाओं की मौत हुई है, सैकड़ों लोग घायल हुए हैं और हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया है।
श्री मिर्जा ने हिरासत में रखे गए लोगों के ठिकाने की जानकारी सार्वजनिक करने का भी आग्रह किया है।