यमन के ईरान-समर्थित हूती विद्रोही गुट ने आज एयरलाइंस, एविएशन कर्मचारियों और यात्रियों को सऊदी अरब के हवाई अड्डों और हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दोहराई।
हूती के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी बयान में कहा कि मक्का और मदीना के पवित्र शहरों के हवाई अड्डों को छोड़कर, सऊदी हवाई अड्डे और हवाई क्षेत्र गुट के संभावित निशाने बने हुए हैं।
यह चेतावनी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के घरेलू उड़ान टर्मिनल परिसर पर हमले के एक दिन बाद आई है। खबरों के अनुसार इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 309 अन्य घायल हो गए। मृतकों में चार सऊदी नागरिक, दो बांग्लादेशी नागरिक और अमरीका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया, सूडान और फिलिस्तीन का एक-एक नागरिक शामिल था।