सितम्बर 22, 2026 8:54 पूर्वाह्न

printer

मादक पदार्थरोधी कार्यबल प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में मादक पदार्थरोधी कार्यबल के प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। स्‍वापक नियंत्रण ब्यूरो द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन का विषय है-‘एकजुट संकल्प, साझा जिम्मेदारी’। सम्मेलन में स्‍वापक नियंत्रण 2026-2029 के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने में कार्य बल की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।

गृह मंत्री इस अवसर पर लोगों में मादक पदार्थों के दुरुपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए टेलीविजन विज्ञापन जारी करेंगे। साथ ही, लखनऊ और देहरादून में स्‍वापक नियंत्रण ब्यूरो के नए क्षेत्रीय परिसरों की आधारशिला भी रखेंगे।

सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मादक पदार्थरोधी कार्यबल के प्रमुखों के अलावा संबंधित सरकारी विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी समन्वय और सहयोग को मजबूत करना तथा नशा-मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच भविष्य के लिए तैयार साझेदारी विकसित करना है।