गृह मंत्री अमित शाह कल नई दिल्ली में मादक पदार्थरोधी कार्य बल के राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो द्वारा आयोजित दो दिन के सम्मेलन में आने वाली पीढ़ियों को मादक पदार्थों के खतरे से बचाने के लिए कार्य योजना पर विमर्श होगा। इस सम्मेलन का विषय है ‘एकजुट संकल्प, साझा जिम्मेदारी’।
सम्मेलन में स्वापक नियंत्रण 2026-2029 के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने में कार्य बल की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। गृह मंत्रालय ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान श्री शाह मादक पदार्थों के दुरुपयोग के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए टेलीविजन विज्ञापन जारी करेंगे। गृह मंत्री लखनऊ और देहरादून में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो जोन के नए परिसरों की आधारशिला भी रखेंगे।
मंत्रालय ने बताया कि सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कार्य बल प्रमुखों के साथ अन्य संबंधित सरकारी विभागों और हितधारकों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ ब्यूरो और राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेशों के कार्य बल के बीच साझेदारी स्थापित करना और नशामुक्त भारत के सपने को साकार करना है।