गृहमंत्री अमित शाह ने आज लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि जब कांग्रेस ने आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास किया, तब लोकनायक करोड़ों देशवासियों की आवाज बनकर निडरता से खड़े रहे। उन्होंने कहा कि जेल की यातनाएं भी जयप्रकाश नारायण के संकल्प को डिगा नहीं सकीं और उनकी संपूर्ण क्रांति की घोषणा के सामने तत्कालीन सरकार को झुकना पड़ा। श्री शाह ने कहा कि जयप्रकाश नारायण का जीवन हर देशभक्त के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी आज जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में उनकी सक्रिय भूमिका से लेकर ‘संपूर्ण क्रांति’ के आह्वान तक, जयप्रकाश नारायण का जीवन लोकतंत्र, जनभागीदारी और सामाजिक परिवर्तन के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान, जयप्रकाश नारायण ने लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए दृढ़ता से अपनी आवाज उठाई। रक्षा मंत्री ने कहा कि भूदान आंदोलन में, जयप्रकाश नारायण ने सामाजिक न्याय की खोज और एक समतावादी समाज के निर्माण में एक केंद्रीय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण का जीवन, उनके विचार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा प्रेरित करती रहेगी।