नवम्बर 9, 2026 8:51 अपराह्न

printer

गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में 1400 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया

गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1400 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं को अहमदाबाद नगर निगम और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने शुरू किया है।

श्री शाह ने अहमदाबाद में इस्कॉन क्रॉसरोड्स को साणंद से जोड़ने वाले नवनिर्मित फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। उन्होंने गोटा में एक नए शहरी स्वास्थ्य केंद्र का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अहमदाबाद के रामापीर टेकरा में बने 900 घरों के आवंटन के लिए लॉटरी ड्रॉ भी निकाला।

गृह मंत्री ने इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए बताया कि गृह मंत्रालय ने 31 दिसंबर 2029 से पहले देश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने गुजरात से इस दिशा में पहल करने और राष्ट्रीय समय-सीमा से एक साल पहले, यानी 31 दिसंबर 2028 तक राज्य को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल करने का आग्रह किया। ।

श्री शाह ने कहा कि सरकार ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ‘जीरो-टॉलरेंस यानी सख्त कार्रवाई की नीति अपनाई है। उन्‍होंने कहा कि सरकार युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए खतरा बन रही नशे की समस्या को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने घोषणा की कि 1 दिसंबर से एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर ‘1033’ और एक समर्पित नियंत्रण केंद्र काम करना शुरू कर देगा। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे इस हेल्पलाइन के माध्यम से नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के बारे में जानकारी दें। इसके साथ ही, उन्होंने ये भरोसा भी दिलाया कि जानकारी देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी।