अक्टूबर 25, 2026 2:28 अपराह्न

printer

गृहमंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करने पर केंद्रीय एजेंसियों और पुलिस को बधाई दी

गृहमंत्री अमित शाह ने नशारोधी अभियान के तहत 38 स्थानों पर एकसाथ कार्रवाई कर नशीले पदार्थों के अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और असम, मिजोरम तथा मणिपुर  पुलिस को बधाई दी है।

श्री शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि ऑपरेशन ट्राइडेंट के  दौरान 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 100 करोड़ रुपये के हवाला लेन-देन का खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि एक हजार 424 बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं और करीब 18 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। इसके अलावा, पांच सौ डेटोनेटर और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि यह गिरोह भारत, म्यांमा और बांग्लादेश की सीमाओं के पार डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी करता था।

श्री शाह ने कहा कि सरकार 2029 तक नशे के हर तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के प्रति संकल्पित है।