जुलाई 9, 2026 6:28 अपराह्न

printer

गृह मंत्री अमित शाह ने की नई दिल्ली में सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षकों के एक सम्मेलन की अध्यक्षता

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षकों के एक सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्य सहित सीमावर्ती राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस अधीक्षक इस सम्मेलन में भागीदारी कर रहे हैं। गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी इस सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं।

इस सम्मेलन का उद्देश्य संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति का मूल्याकंन करके तथा प्रवर्तन में सुधार करने के लिए उपायों की पहचान करके देश के सीमा सुरक्षा ढ़ांचे को सशक्त बनाना है। यह बैठक अवैध प्रवास के विरुद्ध केंद्र के गहन अभियान के बीच महत्वपूर्ण है। अवैध प्रवास देश के पूर्वी हिस्से में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास स्थित जिलों की जनसांख्यिकी को बदलने का एक संगठित प्रयास रहा है।

इस बैठक में घुसपैठ के अलावा अवैध प्रवास तथा जनसांख्यिकी परिवर्तन, सीमा सुरक्षा, ड्रोन के खतरे तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर चर्चा होने की आशा है। यह सम्मेलन केंद्र सरकार के कुछ महीने पहले लिए गए उस निर्णय की पृष्ठभूमि में हो रहा है। उस निर्णय में देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे जनसांख्यिकीय परिवर्तनों की सीमा की जांच करने और उनके लिए जिम्मेदार कारकों की पहचान करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया था।