संयुक्त अरब अमीरात में हिंदी दिवस 2026 के अवसर पर हिंदी भाषा, साहित्य और रचनात्मकता को समर्पित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
दुबई स्थित भारत के प्रधान कौंसिलावास ने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हिंदी प्रश्नोत्तरी और काव्य-पाठ प्रतियोगिता आयोजित की। प्रतिभागियों के उत्साह और रचनात्मकता ने इस आयोजन को हिंदी भाषा और साहित्य के सुंदर उत्सव में बदल दिया। विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष तीन विजेताओं को महावाणिज्यदूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने सम्मानित किया।
अबू धाबी और अल ऐन में भी भारतीय दूतावास ने भारतीय स्कूलों के सहयोग से हिंदी दिवस मनाया। इस दौरान काव्य-पाठ, निबंध लेखन प्रतियोगिता और हिंदी प्रश्नोत्तरी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से यूएई में भारतीय समुदाय के बीच हिंदी भाषा और साहित्य को बढ़ावा देने तथा नई पीढ़ी को अपनी भाषाई और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संदेश दिया गया।