मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़ में मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के पूर्वी भाग, उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र, सिक्किम और विदर्भ में भी अत्यधिक वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा से सटे इलाकों में कल तक तेज वर्षा हो सकती है।
इस बीच, दक्षिण ओडिशा और उससे लगे दक्षिण छत्तीसगढ़ पर बना गहरा दबाव क्षेत्र अगले 12 घंटे के दौरान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए अपनी तीव्रता बनाए रख सकता है। इसके बाद अगले 12 घंटे में इसके कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है।
उत्तराखंड, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, झारखंड और तेलंगाना में कल तक गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। केरल, माहे, पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी अगले दो दिन तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।