जुलाई 16, 2026 5:06 अपराह्न

printer

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई

मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों में पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। ओडिशा में भी आज कुछ स्थानों पर तेज वर्षा होने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू – कश्मीर और लद्दाख में कल कहीं-कहीं  सामान्य वर्षा होने की संभावना है। विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में तथा इस महीने की 22 तारीख तक राजस्थान में भी सामान्य वर्षा होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों में पश्चिम मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में तथा अगले 3 दिन तक उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में हल्की वर्षा का अनुमान लगाया है।

इस बीच, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में कल तक लू चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 21 जुलाई तक दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में और अगले दो दिनों तक दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और आसपास के क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है।