सितम्बर 11, 2026 6:00 पूर्वाह्न

printer

स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने क्षेत्रीय स्वास्थ्य साझेदारी मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने क्षेत्रीय स्वास्थ्य साझेदारी को मजबूत करने और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था बनाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई है। श्री नड्डा ने तिमोर-लेस्ते में आयोजित विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यू.एच.ओ) के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय समिति के 79वें सत्र को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।
 
उन्होंने कहा कि भारत प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर लगातार काम कर रहा है। दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में टेलीमेडिसिन के लिए ई-संजीवनी जैसी तकनीकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सत्र में भारत को डब्ल्यू.एच.ओ दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार मातृ और नवजात टेटनस को खत्म करने की स्थिति बनाए रखने और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए गैर-संचारी रोगों से निपटने में भारत के प्रयासों के लिए दिया गया। श्री नड्डा ने इस सम्मान का श्रेय देश के स्वास्थ्य कर्मियों, विशेष रूप से अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को दिया।