हरियाणा के आतंकवाद निरोधक दस्ते ने अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क और पंचकूला क्लब फायरिंग मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या नौ हो गई है।
पंचकूला में आज पत्रकारों से बातचीत में आतंकवाद निरोधक दस्ते के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बलविन्द्र सिंह और सुखविन्द्र सिंह उर्फ सोनू शामिल हैं। बलविन्द्र सिंह पर 50,000 रुपये और सुखविन्द्र सिंह पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था। दोनों आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान और ठिकाने बदल रहे थे। उन्होंने बताया कि अदालत ने दोनों आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच आगे बढ़ा दी गई है। आतंकवाद निरोधक दस्ता इस नेटवर्क से जुड़े हथियारों और मादक पदार्थों की आपूर्ति, वित्तीय लेन-देन तथा विदेशों में बैठे इसके सरगनाओं के साथ आरोपियों के संपर्कों की पड़ताल कर रहा है।